Tuesday, October 20th, 2026

कैप्टन अमरिंदर सिंह की PM मोदी से गुहार, युवाओं को भी लगे कोरोना टीका, UK स्ट्रेन ढा रहा कहर

चंडीगढ़
पंजाब में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों से परेशान होकर मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने केंद्र सरकार से युवाओं का जल्‍द टीकाकरण करने की अपील की है। अमरिंदर सिंह का कहना है राज्‍य में ताजा कोरोना सैंपलिंग के दौरान पता चला है कि 81 पर्सेंट मरीज कोरोना के ब्रिटेन स्‍ट्रेन के वायरस से संक्रमित हैं। माना जा रहा है कि कोविशील्‍ड वैक्‍सीन वायरस के खिलाफ कारगर साबित हो रही है। पंजाब में हाल ही में 401 सैंपलों की जीनोम सीक्‍वेंसिंग की गई थी। इनके नतीजों में पता चला था कि इनमें से 81 पर्सेंट सैंपल बी117 वायरस के थे। कोरोना वायरस की यह किस्‍म पिछले नवंबर से ब्रिटेन में फैल रही है। बताया जा रहा है कि यह पिछले साल चीन के वुहान से फैले वायरस की तुलना में यह 70 पर्सेंट ज्‍यादा संक्रामक है।

तेजी से बढ़े हैं नए मामले
पिछले कुछ दिनों से पंजाब में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं। देश के दूसरे राज्‍यों से भी यही तस्‍वीर सामने आई है। आशंका है कि कोरोना की यह दूसरी लहर ब्रिटेन से फैले बी117 वायरस की वजह से आई है।

'ज्‍यादा से ज्‍यादा वैक्‍सीनेशन की जरूरत'
पंजाब सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है, 'मौजूदा हालात से चिंतित होकर सीएम ने जोर दिया कि केंद्र सरकार जल्‍द से जल्‍द जनसंख्‍या के एक बड़े हिस्‍से के लिए वैक्‍सीन मुहैया कराए। संक्रमण फैलने से रोकने के लिए ज्‍यादा से ज्‍यादा तादाद में लोगों का वैक्‍सीनेशन कराना होगा।'

कई राज्‍यों में स्‍कूल फिर से बंद
देशभर में एक बार फिर कोरोना वायरस (COVID-19) से संक्रमित मामलों में तेजी आई है। 15 से 21 मार्च के बीच एक हफ्ते में रेकॉर्ड कुल 2.6 लाख नए कोरोना केस सामने आए। इस तरह नए केसों में 67% की वृद्धि दर्ज की गई। इससे पहले 20 से 26 जुलाई के बीच सबसे ज्यादा 34% की वृद्धि दर्ज की गई थी। लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब समते कई राज्य सरकारों ने फिर से स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है।

राजस्थान के 8 शहरों में नाइट कर्फ्यू, प्राइमरी स्कूल बंद
राजस्थान सरकार ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच जयपुर सहित प्रमुख 8 शहरों में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया गया है। इन शहरों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। राज्य सरकार के मुताबिक, प्राइमरी स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे। कॉलेजों में 50 फीसदी से ज्यादा छात्र नहीं आ सकेंगे। इसके लिए पैरेंट्स की लिखित सहमति अनिवार्य होगी, जिसके बाद ही बच्चे शिक्षण संस्थानों में आ सकेंगे।

 

#Capt Amarinder Singh'

Source : Agency

पाठको की राय